ग़ाज़ीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की बी.एड. प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में बड़ी कार्रवाई हुई है। गाजीपुर स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रही परीक्षा के दूसरे दिन 13 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। सभी को तुरंत रिस्टीकेट कर दिया गया। परीक्षा केंद्र पर 20 बी.एड. महाविद्यालयों के छात्र परीक्षा दे रहे हैं। बुधवार को द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई। कुल 1578 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1537 उपस्थित रहे और 41 अनुपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए। सीओ सिटी सुधाकर पाण्डेय की मौजूदगी में पुलिस बल और पीएससी के साथ छात्रों की सघन तलाशी ली गई। परीक्षार्थियों को मोबाइल, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने से मना किया गया था। जांच दल में मुख्य कुलानुशासक प्रो. एस.डी. सिंह परिहार समेत कई वरिष्ठ प्रोफेसर शामिल थे। प्राचार्य ने बताया कि पकड़े गए अधिकतर नकलची बिहार के निवासी हैं। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से अनुचित साधनों का प्रयोग न करने की अपील की है।
19 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






