गाजीपुर। धनईपुर ग्रामसभा में कारगिल शहीद संजय यादव की पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम में शहीद की पत्नी राधिका यादव का विशेष सम्मान किया गया। ग्रामसभा प्रधान सुदर्शन यादव और फौजी सुरेंद्र यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया। शौर्य संगठन और यादव महासभा के कार्यकर्ताओं ने ध्वजारोहण किया। शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण किया गया।
अमर शहीद संजय यादव ने कुमाउं बटालियन के 13वीं रेजीमेंट मे कार्यरत होते हुए कारगिल युद्ध में 1 सितम्बर 1999 को भारत मां की रक्षा में अपने प्राणों की आहूति देकर गाजीपुर की बलिदानी धरती का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की वीरता और देशभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने समाज को एकजुट होकर देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कंबल और साड़ी वितरण भी किया गया। बिरहा गायक मोनू यादव ने अपनी टीम के साथ शहीदों की वीरता पर गीत प्रस्तुत किए। समारोह में शहीद शेषनाथ यादव की पत्नी सरोज देवी, फौजी अभय यादव, फौजी उमा यादव, कैप्टन सुब्बा यादव मौजूद रहे। पिछड़ा दलित विकास महासंघ के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर यादव वकील और सपा नेता सत्या यादव सहित कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में शिरकत की।






