गाजीपुर। पुलिस की साइबर सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपीआई धोखाधड़ी का शिकार हुए एक व्यक्ति को उसके 2 लाख 16 हजार 640 रुपये वापस दिलाए हैं। यह राशि शिकायत के 72 घंटे के भीतर पीड़ित के खाते में लौटाई गई।
जनपद गाजीपुर के चकसिकन्दरा, अलावलपुर निवासी रामदरश सिंह यादव पुत्र मुसाफिर यादव के साथ यूपीआई के माध्यम से धोखाधड़ी हुई थी। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही जनपद गाजीपुर की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई की। साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और उनकी टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 72 घंटे के भीतर धोखाधड़ी की गई पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता प्राप्त की।
सोमवार को यह 2,16,640 रुपये की राशि आवेदक रामदरश सिंह यादव के खाते में वापस जमा करा दी गई। यह कार्रवाई जनपद में अपराधों की रोकथाम और साइबर धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।






