गाजीपुर। जिला पंचायत की सामान्य बैठक अध्यक्ष सपना सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे अहम फैसला वित्तीय वर्ष 2024-25 का पुनरीक्षित बजट था, जिसे प्रारंभिक अवशेष मिलाकर 71.66 करोड़ रुपये के साथ पारित किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 125.40 करोड़ रुपये का बजट अनुमान भी सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। बैठक में लाइसेंस शुल्क से संबंधित उपविधि में संशोधन को मंजूरी दी गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 की अनुपूरक कार्ययोजना और विभव एवं संपत्ति कर की सूची को भी अनुमोदन मिला। हालांकि, आईजीआरएस के तहत सड़क निर्माण के प्रस्तावों पर सदस्यों ने असहमति जताई। जिला पंचायत द्वारा प्रबंधित चोचकपुर मेले के संचालन को जारी रखने की अनुमति दी गई। मुहम्मदाबाद और जमानियां मोड बस स्टैंड पर शुल्क वसूली नीलामी के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, जिला पंचायत द्वारा निर्मित दुकानों के आवंटन और किराए से संबंधित प्रस्तावित उपविधि को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में सांसद अफ़ज़ाल अंसारी, विधायक ओपी सिंह, विधायक बेदीराम समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
19 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






