गाजीपुर। फूल्लनपुर से अंधऊ को जोड़ने वाले बाईपास रोड पर अहिरौलिया और नागतारा के पास टूटी सड़क पर स्थानीय लोगों ने छठ पूजा कर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर किया गया। पीजी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व महामंत्री दिनेश सिंह यादव के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में स्थानीय नागरिकों का सहयोग रहा। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे जनता में भारी नाराजगी है।
दिनेश सिंह यादव ने कहा कि छठ पूजा के दौरान आने-जाने वालों के लिए सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन को जगाने के लिए टूटी सड़क पर छठ पूजा संपन्न कर अनोखे तरीके से विरोध जताया। यादव ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में दासी देवी, लालमुनी देवी, पूर्व अध्यक्ष सहजानंद अनिल यादव, समाजसेवी भोला यादव, मुमताज अंसारी, राकेश यादव राका, पूर्व प्रधान मूरत यादव, अशोक यादव, इंद्रजीत पासवान, मोनू बिन्द, अभीराम पाल, रंजीत, मुकेश, विजय, डॉक्टर रोहतास, मनोज विश्वकर्मा, सीताराम, रामकेवल कुशवाहा, ओपी यादव, बबलू, विजय, छविनाथ, पवन गुप्ता, अजीत यादव और क्षेत्र पंचायत सदस्य महत्तिम यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।






