गाजीपुर सिटी स्टेशन के जीआरपी थाने में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिवनाथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग की कक्षा 6 की मेधावी छात्रा कु. मानशी ने एक दिन के लिए थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के तहत किया गया था।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और युवतियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करना था। कु. मानशी ने अपनी मेधावी छवि से सभी का ध्यान आकर्षित किया। एक दिन की थानाध्यक्ष के रूप में कु. मानशी ने थाने की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को बारीकी से समझा।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज की बेटियों को डरने के बजाय आत्मरक्षा में निपुण होना चाहिए। उन्होंने स्टेशन परिसर से गुजरने वाली छात्राओं को सुरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान, महिला पुलिसकर्मियों ने यात्रियों और रेलकर्मियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी। उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी असुरक्षित स्थिति में तत्काल सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर जीआरपी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक पवन कुमार, महिला कांस्टेबल सुमित्रा पटेल, कांस्टेबल रणबीर प्रसाद सहित अन्य थाना स्टाफ, यात्री, रेलकर्मी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर महिला सुरक्षा और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।






