Breaking News

Foto

शहर के सभी पावर हाउसो के संविदा कर्मियों ने जताया आक्रोश, 4 महीनो से बकाया भुगतान की उठाई मांग

गाजीपुर। पिछले कई महीनो से मानदेय भुगतान न होने से बिजली विभाग में कार्यरत संविदा कर्मियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बिजली संविदा कर्मियों ने शीघ्र भुगतान न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी है। इसके साथ ही उच्चाधिकारी को पत्रक सौंपते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई है। शहर के रौजा पावर हाउस पर जुटे संविदा कर्मियों ने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी भी की। बिजली संविदाकर्मी बद्री और शिवराम ने बताया कि पिछले चार महीनो से ज्यादा वक्त का वेतन बकाया होने के चलते हम लोग भुखमरी के कगार पर आ चुके हैं। अधिकारियों के कई बार आश्वासन देने के बावजूद भी हम लोगों का बकाया भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिस वजह से आज हम लोग रोजा पावर हाउस पर एकत्रित होकर अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं। संविदा कर्मी शमशेर ने कहा कि आज शहर के चारों पावर हाउस के सभी संविदा कर्मी एकजुट होकर बकाया भुगतान कराने की मांग कर रहे हैं। संविदा कर्मियों ने कहा कि अगर हमारी मांगे जल्द पूरी नहीं होती है तो हम कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान राम मनोज, राम जी, राजकुमार, गिरधर, पप्पू कुमार, अजय, रहमान, उमेश कुमार, कमलेश, आलोक समेत बड़ी संख्या में संविदा कर्मी मौजूद रहे।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें