गाजीपुर। 'मिशन शक्ति फेज 5.0' जागरूकता अभियान के तहत 'रन फॉर वूमेन एम्पावरमेंट' मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जनपदीय पुलिस ने रोटरैक्ट क्लब के सहयोग से महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह दौड़ आयोजित की। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने राइफल क्लब गाजीपुर से हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। इस मैराथन में पुलिस विभाग की महिला कर्मचारियों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ राइफल क्लब गाजीपुर से शुरू होकर रिजर्व पुलिस लाइन्स गाजीपुर पर समाप्त हुई। प्रतिभागियों ने 'महिलाओं का सम्मान, राष्ट्र का अभिमान', 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' और 'मिशन शक्ति से सशक्त नारी' जैसे नारों के साथ दौड़ लगाई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, महिलाओं में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना जगाना, तथा समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। मैराथन की समाप्ति पर पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास की कुंजी है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के माध्यम से जागरूकता फैलाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और आर्थिक स्वावलंबन के उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो 'सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण' के मूल मंत्र को साकार करने में सहायक सिद्ध होंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पूरे कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में रोटरैक्ट क्लब गाजीपुर और उसके पदाधिकारियों/सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रशिक्षु उपाधीक्षक अनुभव राजर्षि, जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्रभारी वन स्टॉप सेंटर, शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय, रोटरैक्ट क्लब के पदाधिकारीगण और अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
21 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






