Breaking News

Foto

बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, शहर की कई गलियां हुई जलमग्न

गाजीपुर। मानसूनी बारिश के चलते जहां किसानों ने राहत महसूस की है, वहीं शहर में रहने वाले और कस्बो में रहने वाले लोगों को जल जमाव की समस्या से जूझना पड़ा। शहर के कई मोहल्लो में आज सुबह हुई तेज बारिश के चलते भारी जल जमाव देखने को मिला। तमाम गलियां जलमग्न हो गई, जिसके चलते लोगों के घरों में भी पानी पहुंच गया।

गाजीपुर के लंका, मिश्रा बाजार, झंडातर आदि इलाकों में जल जमाव के चलते लोग परेशान नजर आए। ऐसे ही कुछ हालात जनपद के अन्य कस्बो और गांवो में देखने को मिला। जहां बारिश के कारण सड़क जलमग्न हो गई और लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। समाजसेवी विवेक कुमार सिंह (शम्मी) के नेतृत्व में शहर के बीचोबीच स्थित झंडातर मुहल्ले के पानी निकासी की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों के साथ विरोध प्रदर्शन किया गया। लोगों ने बताया की जलनिकासी की समस्या इस क्षेत्र में पिछले 10 सालों से बनी हुई है जिसका मुख्य कारण नगरपालिका के नाले पर अवैध निर्माण है। दर्जनों बार चेयरमैन नगरपालिका तथा जिलाधिकारी गाज़ीपुर को सूचना तथा ज्ञापन देने के बाद भी अवैध निर्माण के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते यहां के निवासी नर्क में जीने को मजबूर है। कहा कि दर्जनों मकानों का सेफ्टी टैंक भर गया है। लोग दैनिक दिनचर्या के लिए भी परेशान है।

मौके पर पहुंचे एसडीएम ने विकट समस्या को देखते हुए तत्काल पानी निकालने के लिए नगरपालिका को निर्देशित किया तथा 2 दिन के भीतर अवैध निर्माण कराने वाले को नोटिस देने को कहा। विवेक कुमार सिंह शम्मी ने वहॉं मौजूद अधिकारियों तथा नगरपालिका प्रतिनिधि को कहा कि अगर 3 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपालिका परिषद की होगी। मौके पर गुड्डू केसरी, मनीष पांडे, रतन,अनिल वर्मा, मनोज वर्मा, सलोना केसरी आदि स्थानीय लोग मौजूद थे।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें