Breaking News

Foto

उपाधीक्षक ने किया जीआरपी गाजीपुर सिटी थाने का निरीक्षण

ग़ाज़ीपुर। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सावि रत्न गौतम ने बुधवार को जीआरपी थाना गाजीपुर सिटी का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीएनएस, मालखाना, शस्त्रागार और थाना कार्यालय के अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया। पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

उन्होंने रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का भी जायजा लिया। पुलिस उपाधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की और साक्ष्य संकलित कर गुण-दोष के आधार पर उनके शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी रखने तथा ट्रेन में होने वाली पत्थरबाजी और रेलवे ट्रैक अवरोध की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए कार्ययोजना बनाकर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए, महिलाओं की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। शस्त्रों के रख-रखाव और पुलिसकर्मियों की संचालन दक्षता का भी परीक्षण किया, तथा इस संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया गया, उनकी समस्याओं को सुना गया और उनके निस्तारण के लिए निर्देश दिए गए। थाना कार्यालय के रजिस्टरों के अवलोकन के बाद, रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर, पार्किंग, वेटिंग हॉल और सीसीटीवी कैमरों का सघन निरीक्षण किया गया।

जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर सिटी को यात्रियों की सुरक्षा के लिए अलर्ट मोड पर रहने, संदिग्ध व्यक्तियों और ज्वलनशील पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। उन्हें आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर सघन चेकिंग अभियान चलाने और दंगा नियंत्रण उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने का भी निर्देश दिया गया।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें