ग़ाज़ीपुर। सनातन धर्म के सर्वोच्च धर्मगुरु, उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज 8 से 10 मई 2026 तक गाजीपुर जनपद के प्रवास पर रहेंगे। वे अपनी '81 दिवसीय गविष्टि (गौ-रक्षार्थ – धर्मयुद्ध) यात्रा' के तहत यहाँ पहुँच रहे हैं। इस यात्रा के दौरान शंकराचार्य महाराज जी किसी औपचारिक सभा के बजाय सीधे जनमानस और गौ-भक्तों से संवाद करेंगे। उनका मुख्य उद्देश्य गौ-माता को 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिलाने हेतु जागरूकता फैलाना है। शंकराचार्य महाराज जी का आगमन 8 मई 2026 को गाजीपुर में होगा। जखनियां विधानसभा के हंसराजपुर चौराहा पर उनका स्वागत किया जाएगा। रात्रि विश्राम शादियाबाद में निर्धारित है। 9 मई 2026 को वे सैदपुर विधानसभा के बौरावां में भव्य स्वागत के बाद बूढ़े महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे गाजीपुर सदर, जंगीपुर विधानसभा के जंगीपुर बाजार और जहूराबाद विधानसभा के कासिमाबाद बाजार का दौरा करेंगे। रात्रि निवास मुहम्मदाबाद के महादेव मंदिर में होगा। 10 मई को महाराज जी जमानियां के मलसा बाजार स्थित शिवपूजन इंटर कॉलेज में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद असीचंदपुर गुरुकुल में गौ-भक्तों से वार्ता के साथ उनका गाजीपुर जनपद का प्रवास संपन्न हो जाएगा। जिला प्रभारी हर्ष मिश्रा ने बताया कि शंकराचार्य महाराज जी का यह भ्रमण पूर्णतः गौ-सेवा को समर्पित है। वे प्रत्येक पड़ाव पर स्थानीय गौ-भक्तों से भेंट कर उनके विचारों को सुनेंगे और गौ-रक्षा के इस अभियान को नई दिशा देंगे।
23 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






