ग़ाज़ीपुर। शहर के शास्त्रीनगर स्थित सप्लाई आफिस के ठीक सामने सड़क पर दिवार के सहारे महीनों से यूकेलिप्टस का पेड़ व बिजली का खंभा लटका पड़ा है। नगर पालिका, बिजली विभाग व वन विभाग की यह लापरवाही किसी दिन अनहोनी में बदल सकती है। फिलहाल तीनों विभाग इस समस्या को लेकर उदासीन बने हुए हैं। पिछले कुछ दिन पूर्व तेज हवा व वर्षा के कारण यूकेलिप्टस का पेड़ बिजली के खंभे सहित गिरकर दिवार के साथ टिका हुआ है। लगभग 60 डिग्री तक झुका पेड़ व खंभा कभी भी आते-जाते राहगीरों के ऊपर गिर सकता है। जिले के व्यस्ततम आफिस के सामने इतनी बड़ी विभागीय लापरवाही से हर लोग हैरान है। स्थानीय दुकानदार ने बताया कि समस्या के निस्तारण हेतु नगर पालिका में सप्लाई विभाग द्वारा पत्रक दिया गया है। परंतु वह पत्रक पंद्रह दिनों से इधर-उधर दौड़ रहा है। जबकि वन विभाग व बिजली विभाग को स्वतः संज्ञान लेकर पेड़ को काटकर बिजली के खंभे को सीधा किया जा सकता है। इस विषय में जब बिजली विभाग के एसडीओ सुधीर कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि पेड़ काटने के लिए वन विभाग को कहा गया था, लेकिन उन्होंने इसे सप्लाई विभाग द्वारा काटे जाने की बात कह कर पल्ला झाड़ लिया। विद्युत पोल पेड़ के कारण झुक गया है लेकिन यदि बिजली कर्मचारी पेड़ कटेंगे तो उनके ऊपर वन विभाग पेड़ अवैध तरीके से काटने की एफआईआर कर सकता है। वही सप्लाई विभाग के डीएसओ ने कहा कि इस पेड़ से हमारा कोई वास्ता नहीं और न ही हमारे द्वारा इसे हटाने की कोई कार्यवाही की जा रही है। तीनों विभागों द्वारा पल्ला झाड़ लिए जाने से वह पेड़ और विद्युत पोल दोनों सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए अनचाहे हादसे के भय की वजह बने हुए हैं और सवाल जस का तस है कि 'आखिर इस पेड़ को हटाएगा कौन'।
18 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






