ग़ाज़ीपुर। पिपनार गांव में समाजवादी आंदोलन के सिपाही रहे स्व. अर्जुन राय की तृतीय पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेता प्रतिपक्ष उ.प्र.विधानसभा माता प्रसाद पांडेय का आगमन हुआ। वह पुर्वांचल एक्सप्रेस वे के रास्ते लखनऊ से चलकर हैदरगंज उतरकर मरदह, विरनो, महाराजगंज, नन्दगंज, देवकली, सैदपुर होते हुए पिपनार पहुंचे। पूरे रास्ते समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोककर स्वागत किया।
उन्होंने श्रृद्धांजलि सभा में स्व.अर्जुन राय को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अर्जुन राय जी समाजवादी आंदोलन के मजबूत सिपाही थे। वह आजीवन अपने खून और पसीने से समाजवादी आंदोलन को सींचते रहे। वह संघर्षों की कोख से पैदा थे। वह पार्टी के समर्पित एवं कर्मठ तथा संघर्षशील तथा समाजवादी आंदोलन के प्रणेता थे। वह समाजवादी विचारों एवं सिद्धान्तों से हमेशा लैस रहे। उन्होने कहाकि उपचुनाव में समाजवादी पार्टी मिल्कीपुर समेत सभी सीटों पर जीतेगी। मीडिया के सवालों पर माता प्रसाद पांडेय ने कहाकि बुलडोजर नीति के हम हमेशा आलोचक रहे हैं। ये आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की नीति है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद ने पीडीए पर ओपी राजभर के बयान पर कहाकि ओमप्रकाश राजभर आज समाजवादी पार्टी के आधार पर बैठे हैं। माता प्रसाद ने कहाकि हम पिछड़ों के विशेष अवसर की बात करते हैं। रेप की घटनाओं पर बोलते हुये माता प्रसाद ने कहाकि ये सरकार समान दृष्टि से सबको नहीं देख रही है। उन्होने कहाकि सरकार विरोधियों को फर्जी ढंग से भी फंसवाती है। उन्हीने कहाकि सरकार की नीति विरोधियों को परेशान करने की है। माता प्रसाद ने कहाकि सरकार विकास के नाम पर लोन लेती है जिससे कर्ज बहुत बढ़ गया है। कर्ज की तुलना में आय कम है। इस श्रृद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, विधायक ओम प्रकाश सिंह, विधायक डॉ वीरेंद्र यादव, विधायक जै किशन साहू, राजकुमार पांडेय आदि उपस्थित थे।






