गाजीपुर। भांवरकोल ब्लॉक स्थित वीरपुर सेमरिया में क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह को एक पत्रक सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल के आसपास की सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित है। पुलिया की खराब स्थिति से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। किसानों को खेती करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्रक में पुल के पुनर्निर्माण की मांग की गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी। पत्रक सौंपने वालों में चंदन राय, तेज नारायण राय, देवेश, क्षत्रपाल शर्मा और अखिलेश राय सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।






