गाजीपुर। पी.जी. कॉलेज गाजीपुर के बी.एड. विभाग में आयोजित पाँच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर के दीक्षा (Investiture) कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के मुख्य नियंता (प्रॉक्टर) प्रोफ डॉ एसडी सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड की दीक्षा को अंगीकार करते हुए प्रशिक्षणार्थी समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्काउट-गाइड के नियमों एवं प्रतिज्ञा को जीवन का माध्यम बनाकर ही एक नए, मजबूत और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त जयप्रकाश दक्ष ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने अंदर की बुराइयों को समाप्त कर अच्छाइयों को जीवन भर ग्रहण करने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही समय का सदुपयोग करते हुए समाज, राष्ट्र, सेना तथा आपदा की स्थितियों में सदैव सहयोग के लिए तैयार रहना चाहिए। शिविर का शुभारंभ 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को ध्वजारोहण से किया गया था। पाँच दिवसीय प्रशिक्षण भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, उत्तर प्रदेश के निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार पूर्ण तन्मयता से संचालित किया गया। प्रशिक्षण के प्रमुख दिवस एवं विषयवस्तु निम्नलिखित रही:
- -प्रथम दिवस: प्रार्थना, ध्वज शिष्टाचार, झंडा गीत, शिविर नियम, टोली की जानकारी एवं नामकरण, नियम-प्रतिज्ञा तथा सैल्यूट की जानकारी।
- -द्वितीय दिवस: फंडामेंटल्स ऑफ स्काउटिंग, स्काउटिंग आंदोलन का संक्षिप्त इतिहास, प्रतिज्ञा, नियम, चिन्ह, सैल्यूट, सिद्धांत, बायाँ हाथ मिलाना, वर्दी, ध्वज की जानकारी तथा टोली निर्माण।
- -तृतीय दिवस: संस्था ध्वज फहराने के नियम, खुले आसमान में शिविर लगाना, टेंट निर्माण, सर्वधर्म प्रार्थना, प्रथम सोपान के गाँठ, फंदे, बंधन, प्राथमिक सहायता, बी.पी. सिक्स (व्यायाम), मार्च पास्ट तथा बालक/बालिकाओं का प्रगतिशील प्रशिक्षण।
- -चतुर्थ दिवस: दिशाओं का ज्ञान, अनुमान, द्वितीय सोपान के गाँठ, फंदे, बंधन, कम्पास तथा आदर्श टेस्ट।
- -पाँचवाँ दिवस: टेंट निर्माण तथा दीक्षा कार्यक्रम के साथ ही प्रशिक्षण शिविर का समापन।
प्रशिक्षण का संचालन जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट-गाइड) प्रमोद यादव द्वारा किया गया। प्रशिक्षक ने खुले आसमान में, प्रकृति की गोद में वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया। कार्यक्रम में प्रोफ रविशंकर सिंह, सिंह, प्रोफ रामदुलारे,डाॅ. अरुण कुमार यादव, डॉ योगेश ,डॉ लावजीसिंह ,डॉ अमरजीत ,नीरज,सुरेंद्र,राहुल अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में विभागाध्यक्ष डाॅ. एस.डी. सिंह ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।






