ग़ाज़ीपुर। पूर्वी उ.प्र. में धूम धाम के साथ मनाए जाने वाले महापर्व डाला छठ के अवसर पर आज गाजीपुर के सभी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रती महिलाओ और श्रद्धालुओं ने अस्तगामी सूर्यदेव को अध्र्य देकर उपवास शुरू किया इस मौके पर छठी मइया और सूर्य देव की पूरे विधि विधान के साथ पारम्परिक तरीके पूजा अर्चना की गई।
प्रदेश सरकार के पूर्व पर्यटन मंत्री और जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह ने जिले के भदौरा इलाके में महापर्व मनाया। मंत्री जी ने अपने गांव सेवराई में परेमन शाह पोखरा पर अर्घ्य दिया। इस दौरान भारी भीड जमा रही पर्यटन मंत्री ने महापर्व डाला छठ में पूरे विधि विधान के साथ शिरकत की और लोगो को महापर्व की शुभकामनाएं दी।
धार्मिक मान्यता के अनुसार अस्तगामी सूर्य को गंगा जल और दूध का अर्पण कर श्रद्धालु और व्रती महिलाएं अपनी घर परिवार के सुख और शान्ति की कामना करती है। इसके बाद अगले दिन तक के लिए उनका उपवास शुरू हो जाता है। अगले दिन उदय होते सूर्य को अध्र्य प्रदान कर इस महापर्व का समापन किया जाता है। डाला छठ के अवसर पर गाजीपुर में आज हजारों की श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं ने गंगातट पर पारम्परिक तरीके से ईख, सूप दवरा के साथ साथ विभिन्न प्रकार के प्रसाद चढ़ा कर पूजा अर्चना की। शहर के ददरीघट, महादेवा घाट, पोस्ता घाट, चीतनाथ घाट समेत जिले के ग्रामीणांचलों के मोहम्दाबाद घाट, सैदपुर घाट, युवराजपुर के गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब नजर आया।इस मौके पर जहां व्रती महिलाओं के बीच उत्साह आस्था और धार्मिक संकल्पता नजर आयी वहीं इस महापर्व को लेकर किसी भी दुर्घटना के मद्देनजर प्रशासनिक बन्दोबस्त भी किए गए।






