गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी ददन चौधरी को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। यह घटना भदौरा रेलवे स्टेशन के पास हुई। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान गहमर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त ददन चौधरी भदौरा रेलवे स्टेशन पहुंचने वाला है और कहीं भागने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने भदौरा रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्गों पर घेराबंदी की। मनिया-सेवराई मार्ग पर नहर पुलिया के पास पुलिस को देखकर आरोपी ददन चौधरी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने हथियार लहराना जारी रखा। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें ददन चौधरी निवासी सायर, थाना गहमर के पैर में गोली लगी और वह मौके पर घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भदौरा भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक .315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
21 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






