गाजीपुर। आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश पर हुए जूते हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने सरजू पांडे पार्क में विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। इस दौरान आप जिलाध्यक्ष विवेक राय ने हमले को भारत के संविधान, न्यायपालिका की स्वतंत्रता और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा स्थापित संवैधानिक मूल्यों पर सीधा हमला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में नफरत और विभाजन फैलाने वाली भाजपा सरकार और उसकी मातृ संस्था आरएसएस इसके पीछे काम कर रही है। किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नागेंद्र यादव ने कहा कि यह देश के सर्वोच्च न्यायिक पद पर आसीन एक दलित के बेटे का जानबूझकर किया गया अपमान है। उन्होंने आशंका जताई कि यह कार्य संभवतः भाजपा द्वारा संरक्षित व्यक्ति द्वारा किया गया है। आप जिला उपाध्यक्ष जावेद अहमद ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश पर हमला करने वाले व्यक्ति ने खुलेआम टेलीविजन पर अपने कृत्य पर गर्व किया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और कानून का उल्लंघन है। विवेक जायसवाल ने हमलावर को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। मीडिया प्रभारी नागेंद्र शर्मा ने देश की न्यायपालिका और संवैधानिक पदों की गरिमा की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने का आह्वान किया। इस विरोध प्रदर्शन में आप जिलाध्यक्ष विवेक राय, किसान प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नागेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष जावेद अहमद, जिला मीडिया प्रभारी नागेंद्र शर्मा, मानसिंह बिंद, सतिराम पासवान और विवेक जायसवाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
21 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






