Breaking News

Foto

सड़को पर घूम रहे छुट्टा पशु दे रहे हादसों को दावत

ग़ाज़ीपुर। आजकल देवकली ब्लाक के अन्तर्गत बरहपुर, नंदगंज बाजार, नैसारा, सिहोरी, पहलवानपुर व सिरगिथा के पास सड़कों पर घूमते एवं बैठे आवारा गोवंश जिला प्रशासन सहित मुख्यमंत्री के आदेशों का खुला मखौल उड़ा रहे हैं। गोशाला होने के बावजूद इन आवारा छुट्टा मवेशियों को सही जगह मयस्सर नहीं हो रही है। जिसके चलते ये बीच सड़क पर बैठकर न सिर्फ आम जनता के लिए दुर्घटना का कारण बनते हैं, बल्कि तेज रफ्तार के वाहनों के धक्के से ये स्वयं भी हादसे का शिकार हो जा रहे हैं। लेकिन किसी हादसे से पूर्व किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की नजरों में यह दिखाई नहीं दे रहा है। आवारा गोवंश भी खुद से यही कहते होंगे कि हमारे लिए गौशाले तो बन रहे है । लेकिन हमें वहां तक पहुंचाने की जहमत कोई नहीं उठाता दिख रहा है। जबकि देवकली ब्लॉक क्षेत्र में गोला, भिक्खेपुर, गोड़ा, बरहड़ा, कमालपुर, तथा पहलवानपुर क्षेत्रों में गोवंशों को रखने की व्यवस्था गोशाला बनाकर किया गया है। इसके बावजूद सड़कों पर ऐसे गोवंश काफी संख्या में बैठे तथा घूमते हुए मिल जाएंगे। नंदगंज बाजार में तथा शादियाबाद रोड पर रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता रहता है। जिससे आये दिन कोई न कोई दुर्घटना भी होती रहती है। लेकिन हो रही इन दुर्घटनाओं से न तो किसी जनप्रतिनिधियों को और न किसी जिम्मेदार अधिकारी को कोई फर्क पड़ता दिखाई दे रहा है। जबकि हर महीने हर ब्लाक से गोवंश की सूची बना कर जिला मुख्यालय पर भेजी जाती है। जबकि सड़क तथा गांवों में घूम रहे आवारा पशुओं को पशु विभाग के क्षेत्रीय आधिकारियों को पकड़वाकर गौशाला में भेजने का सख्त निर्देश है। क्षेत्र में इन आवारा गोवंशों को लेकर सड़क पर सिर्फ राहगीर ही नहीं बल्कि खेतों में बोई फसल की बर्बादी को लेकर किसान भी काफी परेशान हैं। क्षेत्र में घूम रहे इन आवारा छुट्टा पशुओं को लेकर अब दिन प्रतिदिन समस्या बढ़ती जा रही है। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही आवारा पशुओं की तरफ जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट किया है।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें