ग़ाज़ीपुर में भाकपा (माले), अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मज़दूर सभा तथा अखिल भारतीय किसान महासभा के संयुक्त तत्वावधान में सैकड़ों लोगों ने मार्च निकालकर जिला मुख्यालय स्थित कामरेड सरजू पांडेय पार्क में सभा किया और फर्जी बिजली बिल को समाप्त करने की मांग की। भारी संख्या में जुटे ग्रामीण गरीबों, महिलाओं और किसानों का मार्च माले कार्यालय मिशन कंपाउंड से शुरू हुआ। प्रदर्शनकारियों ने एक देश में एक बिजली रेट लागू करो, यूपी में भी 300 यूनिट घरेलू बिजली फ्री, मनरेगा में 200 दिन काम 600 रूपये मजदूरी की गारंटी, किसानों -मजदूरों के सभी कर्जे माफ करो आदि मांगे उठाई। जिला मुख्यालय पर लोग जिलाधिकारी कार्यालय पहुँचे। पूरा हुजूम सरजू पांडेय पार्क में जाकर सभा में बदल गया। सभा में वक्ताओं ने कहा की बिजली और बिजली विभाग लोगों के लिए आज की तारीख में आफत बन गया है। बिना मीटर रीडिंग और तमाम गांवों में बिना मीटर के ही भारी फर्जी बिजली बिल लोगों को मैसेज किया जा रहा है। गांवों में जबरदस्ती कनेक्शन काटा जा रहा है। लोग अपना काम धाम छोड़कर बिजली विभाग के दफ्तरों का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। इस अंधेर गर्दी से सब परेशान हैं। वक्ताओं ने कहा कि गांव शहर हर जगह लोगों को मनरेगा जैसी योजनाओं में रोजगार की समुचित व्यवस्था हो और इसको खेती से जोड़ा जाए। अगर लोगों के आय की समुचित व्यवस्था नहीं हुईं और बिजलीके नाम पर जोर जबरदस्ती हुई तो जनता बगावत कर देगी। वक्ताओं ने कहा कि आज की तारीख में पंजाब कर्नाटक दिल्ली में घरेलू बिजली फ्री है। मोदी सरकार ने अदानी अंबानी जैसे अपने पूंजीपतियों का 14 लाख करोड़ रुपए गरीबों के टैक्स से माफ किया है तो किसानों मजदूरों का फर्जी बिजली बिल और कर्ज क्यों नहीं माफ होगा। भाकपा माले केन्द्रीय कमेटी सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने सभा में आ रहे 25 ट्रेक्टर ट्रालियों के लोगों को इस भीषण गर्मी में जमानियां मोड़ पर जिला प्रशासन द्वारा रोके जाने की कड़े शब्दों में निंदा की वक्ताओं में मुख्य रूप से भाकपा माले केन्द्रीय कमेटी सदस्य और अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा, भाकपा माले के जिला सचिव शशि कांत कुशवाहा, खेत एवम् ग्रामीण मज़दूर सभा के जिलाध्यक्ष नंद किशोर बिंद, जिला सचिव राजेश वनवासी, पार्टी राज्य कमेटी सदस्य योगेंद्र भारती, राम प्रवेश कुशवाहा, अभिनायक, मंजू गोंड, विजय कुमार आदि रहे। सभा के आखिर में जिलाधिकारी, प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड व राष्ट्रपति के नाम सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा गया।
20 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






