गाजीपुर के मुहम्मदाबाद इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार थार गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। यह घटना भांवरकोल थाना क्षेत्र के हैदरिया स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 340 के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन चालक संजीत कुमार को झपकी आ गई, जिसके कारण तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। थार (BR 53J0002) में सवार सभी यात्री नोएडा से दीपावली मनाने अपने घर लखीसराय, बिहार जा रहे थे। घायलों की पहचान निलेश कुमार (50), उनकी पत्नी शशि कुमारी (45), पुत्री शालिनी कुमारी (24), प्रेमचंद (40), आनंद किशोर और चालक संजीत कुमार (45) के रूप में हुई है। ये सभी लखीसराय, बिहार के इंदूपुर के रहने वाले हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल घायलों को वाहन से बाहर निकाला। यूपीडा की सुरक्षा टीम ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, निलेश कुमार और शशि कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए, चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्रेन की मदद से पलटे हुए वाहन को हटाकर यातायात को सुचारु कर दिया गया है। थानाध्यक्ष भांवरकोल ने बताया कि हादसे में कुछ लोग घायल हो गए थे। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। आगे की कार्यवाही की जा रही है।
21 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






