Breaking News

Foto

सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर विशेष कार्यशाला

गाजीपुर। आज जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में 'सुरक्षित इंटरनेट दिवस' पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। अपर जिलाधिकारी ने इंटरनेट के व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से ओटीपी, आधार, पैन और बैंक विवरण जैसी संवेदनशील जानकारी को फोन पर साझा न करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत थाना में शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अखिलेश जायसवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को विश्व स्तर पर "Safer Internet Day" मनाया जाता है। इस वर्ष 11 फरवरी को यह दिवस "Together for a Better Internet" थीम के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला, जिसमें अनजान लिंक्स पर क्लिक न करने, केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने और क्यूआर कोड स्कैनिंग में सावधानी बरतने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, डिप्टी कलेक्टर मनोज पाठक, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें