Breaking News

Foto

मोहम्मदाबाद के शहीद पार्क में जमकर गरजे डिप्टी सीएम और केंद्रीय मंत्री,

गाजीपुर। मोहम्मदाबाद तहसील स्थित शहीद पार्क में 29 नवंबर को स्वर्गीय विधायक कृष्णानंद राय और उनके छह अन्य साथियों की पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वर्गीय विधायक के समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी शामिल हुए, जिन्होंने मंच से अंसारी बंधुओं, मुसलमानों और बिहार चुनाव पर अपनी बात रखी।

मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जिस प्रकार मंगल पांडे ने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह की शुरुआत की थी और गाजीपुर के शिवपूजन राय सहित आठ शहीदों ने उसका समापन किया, उसी तरह कृष्णानंद राय ने केवल अपराधियों से ही नहीं, बल्कि अंसारी बंधुओं के आतंक से भी मुक्ति दिलाने का काम किया। उन्होंने कृष्णानंद राय के बलिदान को सनातन धर्म की स्थापना और उसके साथ खड़े रहने के लिए दी गई शहादत बताया।

बिहार चुनाव के परिणामों पर टिप्पणी करते हुए गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अब 'जयचंद' को खोज रहे हैं, जबकि तेज प्रताप यादव कह रहे हैं कि 'जयचंद' घर में ही छिपा हुआ है। मंत्री ने तेजस्वी यादव की आलोचना करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने भाई, बहू और बहन का नहीं हुआ और जिसने भारतीय संस्कृति को अपमानित किया, वह किसी और का क्या होगा।

मीडिया से बातचीत में यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कृष्णानंद राय और उनके साथ शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह शहादत का ही परिणाम है कि आज प्रदेश से गुंडे, माफिया और मवाली पूरी तरह से साफ हो गए हैं। पाठक ने दावा किया कि अब प्रदेश में एक भी सूचीबद्ध माफिया सक्रिय नहीं है। उन्होंने प्रण लिया कि जब तक उत्तर प्रदेश से एक भी माफिया समाप्त नहीं हो जाता, सरकार चैन से नहीं बैठेगी।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार गाजीपुर को विकास के मामले में प्रदेश में नंबर एक पर लाने के लिए काम कर रही है और कानून-व्यवस्था हमेशा सर्वश्रेष्ठ रहेगी। अखिलेश यादव द्वारा बीएलओ को मुआवजा देने के सवाल पर बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के लोग एसआईआर को लेकर तरह-तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार भारत सरकार के नियमों के अनुसार पारदर्शी मतदाता सूची बनाने की दिशा में काम कर रही है।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, पूर्व विधायक अलका राय, अभिनव सिन्हा, पीयूष राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, राज्य सभा सांसद डॉ. संगीता बलवन्त समेत तमाम भाजपा दिग्गज मौजूद रहे।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें