Breaking News

Foto

हमे अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन है 26 जनवरी- हर्ष राय

ग़ाज़ीपुर। सोमवार को मोहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के गांधीनगर में स्थित डालिम्स सनबीम स्कूल के परिसर में भव्यता के साथ गणतंत्र दिवस समारोह सम्पन्न हुआ. प्रात: साढ़े नौ बजे डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर के निदेशक हर्ष राय और प्रधानाचार्या डॉ. प्रेरणा राय द्वय के हाथों राष्ट्रीय ध्वज फहराया कर समारोह को विशिष्टता के साथ प्रारम्भ किया गया, तत्पश्चात मंच पर उपस्थित विद्यालय की कक्षा 11 की छात्राओं रिद्धि राय, शैलजा पांडेय, अंशिका पांडेय, इशिका तिवारी, अंशिका राय, अंजलि कन्नौजिया आदि ने भारतीय राष्ट्रगान का संगीतमय पाठ कर समारोह को अभिराम बनाया. राष्ट्रगान के पश्चात सत्यनारायण राय, मनन जी वर्मा, मनोज कुमार सिंह,अजीत राय, प्रवीण वर्मा और सम्मानित अभिभावकों की उपस्थिति में निदेशक हर्ष राय और प्रधानाचार्या डॉ. प्रेरणा राय द्वय ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह में स्थापित वाग्देवी के विग्रह को पुष्पार्पित किया.

डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर की कक्षा यूकेजी के छात्रों सुंदर और आशीष द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में जोश, दृढ़ता, विश्व एकता, ज्ञान और आशा का प्रतीक जलती हुई मशाल का धावन किया गया. तत्पश्चात विद्यालय की कक्षा नौवीं के छात्रों ने मार्चपास्ट कर गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थित जनसमूह को रोमांचित किया. मेधावी छात्रा शिवांगी सिंह ने उपस्थित लोगों को गणतंत्र के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी को कृतज्ञता से निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई. शिक्षिका और नृत्यकल्पक श्वेता यादव के निर्देशन में कक्षा तीन के छात्रों ने 'मैं भी मर भी जाऊँ, तो वतन ये याद रहेगा' गीत की सांगीतिक नृत्य प्रस्तुत की.

गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर के निदेशक हर्ष राय ने कहा कि 26 जनवरी सिर्फ़ एक छुट्टी का दिन नहीं है. यह हमें अपने देश के बारे में सोचने का दिन है.यह हमें अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन है. इसलिए हमें अपने अधिकारों का भी ध्यान रखना चाहिए. हमें अपने देश को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए. हम सभी को एक अच्छा नागरिक बनना चाहिए. हमें अपने देश पर गर्व होना चाहिए. स्कूल और कॉलेज बड़े उत्साह से गणतंत्र दिवस मनाते हैं. छात्र झंडा फहराते हैं, देशभक्ति के भाषण देते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रम करते हैं. निबंध प्रतियोगिताएं भी होती हैं. खेल प्रतियोगिताएं होती हैं. वस्तुतः इन गतिविधियों से युवा पीढ़ी में देशभक्ति और एकता की भावना जाग्रत होती है. उन्होंने कहा कि आज हम अपने संविधान के मूल्यों को बनाए रखने और देश के उज्जवल भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लें. हमें अपने देश के लिए कुछ अच्छा करना चाहिए. हमें अपने देश से प्यार करना चाहिए.

अध्यक्षीय उद्बोधन के पश्चात डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर में तीन दिवसीय खेल उत्सव के अंतिम निर्णायक पड़ाव की शुरुआत हुई. खेल उत्सव में आयोजित विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में कक्षा नर्सरी से कक्षा यूकेजी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिस्पर्धी के रूप में प्रतिभाग करते हुए 20 मीटर दौड़ प्रतियोगिता, 40 मीटर दौड़ प्रतियोगिता व 80 मीटर दौड़ प्रतियोगिता, बोरी दौड़ प्रतियोगिता, मेढ़क कूद प्रतियोगिता, थैला ढ़ो प्रतियोगिता, पगबाधा-पहेली प्रतियोगिता, रस्साकशी प्रतियोगिता, रन एंड डू प्रतियोगिता, ट्रेन बॉक्स दौड़ प्रतियोगिता, कैटरपिलर प्रतियोगिता, आक्टोपस प्रतियोगिता, डोली-कहार प्रतियोगिता और गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिता में भाग लिया और स्वर्ण पदक, रजत पदक तथा कांस्य पदक के साथ उपयोगी पुरस्कार अर्जित किए. विजेता छात्र-छात्राओं को निदेशक हर्ष राय, मुरली सिंह, सत्यनारायण राय, करीमुद्दीनपुर गांव की ग्राम प्रधान फरीदा अलीम, राजेन्द्र प्रसाद वर्मा और लेक्चरर सिद्धांत राय के हाथों पदक धारित करा कर पुरस्कृत किया गया.

गणतंत्र दिवस समारोह को करीमुद्दीनपुर की प्रधान फरीदा अलीम, सत्यनारायण राय, सिद्धांत राय, मुरली सिंह, डॉ. सेराज अहमद और राजेन्द्र प्रसाद वर्मा ने सारगर्भित संबोधित किया. तत्पश्चात कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं की छात्राओं ने 'मां से है माटी, मां से है माता, आज़ाद रहे तू आबाद रहे तिरंगा' का गायन कर समारोह के आगंतुकों को भावविभोर किया. वादन में ढ़ोलक पर छात्रों अस्मित राय, तबला पर आकाश गुप्ता, गिटार पर आकाश गुप्ता और हारमोनियम पर शिवांगी सिंह ने संगत की. कक्षा छठवीं और सातवीं की छात्राओं ने 'देश रंगीला' गाने पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को रंगारंग बनाया. कक्षा नौवीं की मेधावी छात्रा शिवांगी सिंह ने आज़ादी के सच्चे अर्थों को परिभाषित करते हुए अपनी पंक्तियों से दार्शनिक चिंतन का गद्य विस्तार प्रस्तुत किया और श्रोताओं की तालियां बटोरीं. खेल की महत्ता पर अपने विचार गमन में डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर की प्रधानाचार्या डॉ. प्रेरणा राय ने कहा कि बच्चों के चौतरफा विकास के लिए खेल महत्‍वपूर्ण हैं, जो शारीरिक, सामाजिक और भावनात्‍मक स्‍वास्‍थ्‍य को बढ़ावा देने के साथ-साथ टीमवर्क और खेल भावना को भी बढ़ावा देते हैं. हम डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर की दीक्षा और शिक्षा के द्वारा कैसे ऐसा आंदोलन तैयार कर सकते हैं, जो हमारे देश के युवाओं को खेल की तरफ ले जाए और साथ ही हमारे समाज को अधिक खेल प्रिय बनाए. जैसे गणतंत्र के बिना लोकतंत्र नहीं मजबूत हो सकता, वैसे ही खेल के बिना गण को सुदृढ़ता नहीं मिल सकती. खेल के बारे में सबसे अच्‍छी चीज यह है कि आप पूरी भागीदारी के बिना नहीं खेल सकते. जीवन का सार हमारी भागीदारी में ही है. खेल के लिए भागीदारी जरूरी है. आप भागीदारी के बिना स्‍कूल या कॉलेज जा सकते हैं, भागीदारी के बिना दफ्तर जा सकते हैं, भागीदारी के बिना शादी तक कर सकते हैं, मगर आप भागीदारी के बिना खेल नहीं सकते.

गणतंत्र दिवस समारोह को अमित कुमार राय, नरेंद्र राय, रितेश कुमार राय, नेहा राय, तौसीफ़ अहमद ख़ान, आशु सिंह, अजित कुमार, अंजली राय, जोखन सिंह यादव, अनुज राय, अर्चना गुप्ता, आशुतोष यादव, अवधेश प्रसाद, धनंजय, मधुलिका सिंह, माह-ए-तलअत,, नमो नारायण पांडेय, नंदिनी मिश्रा, निधि राय, ओंकार नाथ तिवारी, पिंकी पांडेय, पूजा सिंह, प्रतिमा तिवारी, रचना गुप्ता, रागिनी पांडेय, राम नारायण राय, रश्मि गुप्ता, रीता यादव, ऋतु यादव, रूपेश कुमार शर्मा, साक्षी मिश्रा, सत्येंद्र प्रताप सिंह, सीमा तिवारी, शालू गुप्ता, शेषनाथ यादव, श्वेता यादव, सूर्य सिंह, सुशील कुमार राय, निशा यादव, विश्वजीत सिंह, जाकिर अहमद, आरती सिंह, प्रिया राय, अर्शी फ़ातिमा, प्रवीण पांडेय,, रूपेश कुमार पांडेय आदि की अभिमंशा ने सफल निर्मित दी.


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें