गाजीपुर। खानपुर पुलिस ने ₹25,000 के इनामी बदमाश मुकेश उर्फ सिप्पू राजभर को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वह अंतरराज्यीय नकबजनी के कई मामलों में वांछित था।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थानाध्यक्ष खानपुर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक इनामी नकबजन थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के सत्यापन के लिए चौकी प्रभारी मौधा के साथ मिलकर चांदपुर मोड़ के पास सर्च अभियान चलाया गया।

सर्च अभियान के दौरान बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति चांदपुर मोड़ के पास आता दिखा। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सीएचसी खानपुर, गाजीपुर में उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और चोरी किया हुआ एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान मुकेश उर्फ सिप्पू (शिप्पू) राजभर पुत्र राधे उर्फ राधेश्याम राजभर, निवासी ग्राम सिंगारपुर गहिरा, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।






