Breaking News

Foto

मां-बेटियों समेत 20 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर

गाजीपुर। नगर पालिका द्वारा सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने के दौरान हुई झड़प और पथराव मामले में पुलिस ने माँ और दो बेटियों पर नामजद तथा 15-20 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मालूम हो कि मंगलवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान अवैध कब्जेदारों ने जमकर हंगामा मचाया था। नगर पालिका ईओ अमिता वरुण ने दी गई तहरीर में बताया कि नगर पालिका परिषद गाजीपुर में अमृत वाटर सप्लाई कार्यक्रम के अन्तर्गत वार्ड नं0-10 (अम्बेडकर नगर) में पम्प हाउस निर्माण कराया जाना है। नयाब तहसीलदार सदर अजय कुमार वर्मा, सहायक अभियन्ता (जलनिगम) एके गुप्ता व पुलिस बल के साथ मंगलवार को पीरनगर मल्लाह बस्ती में चिन्हित स्थान पर ट्यूबवेल लगाने का प्रयास किया जा रहा था, किन्तु मल्लाह बस्ती की महिलाएं चिन्ता देवी और उसकी पुत्री रोशनी तथा दूर्गा व अन्य 15 से 20 महिलाओ ने सरकारी कार्य का विरोध किया। जिन्हें काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, किन्तु वह सरकारी काम को रोकने हेतु लगातार आतुर रही, गाली देने लगी और हम लोगों पर पत्थर फेंकते हुए हाथापाई पर उतारू हो गयी। धक्का मुक्की देते हुए जानमाल की धमकी देने लगी। जिस कारण से वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। किसी तरह पुलिस बल लगाकर मलबा को हटाया गया। पुनः वहां कार्य किया जाना है। ईओ अमिता वरुण की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चिंता देवी और उसकी दो बेटियों रोशनी व दुर्गा तथा 15-20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें