Breaking News

Foto

हमीद सेतु हादसे के पीड़ित परिवारों को सपा प्रतिनिधमण्डल ने पहुँचाई आर्थिक सहायता

गाजीपुर। वीर अब्दुल हमीद सेतु पर बीते 20 मार्च को हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे में जान गंवाने वाले दो युवकों के परिजनों को समाजवादी पार्टी (सपा) ने आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह पहल सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर की गई। घटना के लगभग एक माह बाद, गुरुवार को पार्टी का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचा। उन्होंने प्रत्येक परिवार को 35-35 हजार रुपये की नकद सहायता सौंपी। प्रतिनिधिमंडल में गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के प्रतिनिधि बलराम पटेल, जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, सदर विधायक जैकिशन साहू, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के नेता राजेंद्र यादव शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने कालूपुर निवासी मृतक उपेंद्र यादव की पत्नी रीता यादव और मेदनीपुर निवासी कृष्णा उर्फ टिल्लू यादव की पत्नी गोल्डी यादव को सहायता राशि प्रदान की। इस अवसर पर सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हादसे के एक महीने बाद भी कोई जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी पीड़ित परिवारों तक नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से न तो कोई सहायता दी गई और न ही हालचाल जानने की पहल की गई। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनती है, तो इन परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पार्टी ने गरीब, मजदूर और पीड़ित वर्ग के हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान प्रधान भगीरथपुर राकेश कुमार सिंह, पूर्व प्रधान कालूपुर मनोज कुमार यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद यादव, सत्यप्रकाश यादव (झमेलू), सुनील यादव, सुशील यादव, अनुराग सिंह, विजय यादव, विधायक प्रतिनिधि रामब्रत यादव, रामदयाल बबलू सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें