गाजीपुर। जिला पंचायत की सामान्य बैठक अध्यक्ष सपना सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट और 2026-27 के मूल बजट को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही गाजीपुर शहर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया। अपर मुख्य अधिकारी की अनुमति से कार्यवाही शुरू हुई। उपस्थित सदस्यों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 11,78,34,654 रुपये की आय और 1,15,24,42,019 रुपये के व्यय वाले पुनरीक्षित बजट को मंजूरी दी।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 81,14,63,135 रुपये की आय और 79,29,98,200 रुपये के व्यय वाले मूल बजट का अनुमोदन किया गया। बैठक में शिक्षा, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसे विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा भी की गई। सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का संबंधित विभाग के अधिकारियों ने समाधान प्रस्तुत किया।
इस दौरान जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रस्ताव पर गाजीपुर शहर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के अलावा जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह, सदर विधायक जै किशन साहू, जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, मन्नू सिंह सहित फेकू यादव, बसंत सिंह यादव, आकाश सिंह यादव, नरेंद्र यादव, नरेंद्र राव, शशि प्रकाश सिंह, अभय प्रकाश सिंह, शैलेंद्र सिंह, श्रीमती रेखा भट्ट, महेश यादव, निशा यादव और अजय कुमार जैसे कई सदस्य उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष ने सभी उपस्थित विधायकों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्त करने की घोषणा की।






