गाजीपुर। स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान का गुरुवार को समापन हुआ। 30 जनवरी से शुरू हुआ यह अभियान 13 फरवरी तक चला। समापन के अवसर पर विकास भवन से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जो मुख्य मार्गों से होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय तक पहुंची। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने रैली को रवाना करने से पहले सभी प्रतिभागियों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि वर्ष 2025 के लिए "मिलकर जागरूकता फैलाएं, भ्रांतियां दूर भगाएं, कुष्ठ प्रभावित कोई पीछे न छूट जाए" थीम पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. रामकुमार ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की पहचान की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग से डरने की जरूरत नहीं है। शरीर पर सुन्न दाग, जिसमें खुजली न हो और पसीना न आए, कान पर गांठें, हथेली और तलवों में सुन्नपन कुष्ठ रोग के लक्षण हो सकते हैं। सभी सरकारी अस्पतालों में कुष्ठ रोग की दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं। साथ ही, कुष्ठ से दिव्यांग व्यक्तियों को सर्जरी के लिए विभाग द्वारा ₹8,000 की सहायता राशि प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. जे एन सिंह, डॉ. मनोज सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारी, अध्यापक और परिषदीय विद्यालय के छात्रों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।
16 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






