गाजीपुर। जिले में बेसिक शिक्षा परिषद से जुड़े परिषदीय स्कूलों में डिजिटल तरीके से पठन-पाठन की व्यवस्था को आगे बढ़ाने के साथ ही अब स्कूलों के जरूरी हर दस्तावेज व रजिस्टर को भी डिजिटलाइज ( डिजिटल आनलाइन) करने की प्रक्रिया शुरू करने में महकमा जुट गया है। विद्यालयों में प्रयोग किए जाने वाले सभी 12 रजिस्टरों को डिजिटल करने का निर्देश बीएसए हेमंत राव ने दिया है। ताकि आगे चलकर इन रजिस्टरों पर ऑनलाइन रियल टाइम अपडेशन किया जा सके। जिससे लखनऊ से लेकर जिला मुख्यालय तक आनलाइन नजर बनी रहे। निर्देश के मुताबिक इन विद्यालयों में प्रयोग किए जाने वाले प्रवेश, कक्षावार छात्र उपस्थिति, एमडीएम रजिस्टर, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण व स्टॉक रजिस्टर डिजिटलाइज किए जाएंगे। इसके अलावा आय-व्यय व चेक जारी करने वाला रजिस्टर, बैठक, निरीक्षण, पत्र व्यवहार, बाल गणना, पुस्तकालय व खेलकूद रजिस्टर को भी डिजिटलाइज किए जाने की मंशा है। इसके लिए बेसिक शिक्षा मे विभाग प्रेरणा पोर्टल पर डिजिटल रजिस्टर के नाम से नया मॉड्यूल विकसित किया है। इन रजिस्टरों के ऑनलाइन होने के बाद इनके उपयोग के लिए शिक्षक/शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डिजिटल रजिस्टर का प्रयोग जिस दिन से प्रभावी होगा, उसी दिन से इनमें सभी एंट्री ऑनलाइन की जाएगी। जबकि पहले के अभिलेख विद्यालय स्तर पर ही सुरक्षित रखे जाएंगे। मालूम हो कि इसके लिए परिषदीय स्कूलों को टैबलेट दिए गए हैं, और सिम व इंटरनेट के लिए धनराशि भी भेजी जा चुकी है। ऐसे में अब अगर शिक्षक डिजिटल रजिस्टर का प्रयोग नहीं करेंगे तो उन पर कार्रवाई भी की जा सकती है। इन सभी बारह रजिस्टरो के डिजिटल हो जाने के बाद इन्हें समय से हर तरह की जानकारी आनलाइन दर्ज करनी होगी,इसमें किसी तरह की लापरवाही अध्यापकों पर भारी पड सकती है। बीएसए हेमंत राव ने बताया कि सभी बारह रजिस्टरो को आनलाइन करने के निर्देश दे दिए गये है। कहा कि अब हर जानकारी एप पर आनलाइन समय से दर्ज होगी। कहाकि इसमें लापरवाही करने वालों पर दण्डनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
21 hours ago
खबर
सनबीम स्कूल महाराजगंज की कोऑर्डिनेटर सुभदा राय एजुकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित






