Breaking News

Foto

मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में हुई कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

गाजीपुर। पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी के एक मामले में एक आरोपी और दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है। यह कार्रवाई रामपुर मांझा थाना क्षेत्र में की गई है। यह मामला 1 जनवरी को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता हसीन पुत्र इकराम, निवासी ग्राम खानकाह खुर्द, थाना रामपुर मांझा, ने बताया कि अभियुक्तों ने एक राय होकर उनके भांजे को गाली-गलौज की। इसके बाद उसे जान से मारने की नीयत से घसीटते हुए सिर और सीने पर मारा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

अभियुक्तों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने इस संबंध में धारा 115(2), 352, 351(3), 109(1), 110 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, इस मुकदमे की विवेचना के क्रम में 2 जनवरी को उपनिरीक्षक मोतीलाल ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई की। पुलिस टीम ने धरवा तिराहा के पास से वांछित अभियुक्त बृजेश सिंह यादव और दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया।

बृजेश सिंह यादव ग्राम खानकाह खुर्द, थाना रामपुर मांझा का निवासी है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त और बाल अपचारियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें