गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं तथा उनसे होने वाली मृत्यु को रोकने के लिए एवं सुरक्षित, यातायात संचालन हेतु अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 'राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा द्वारा राइफल क्लब से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर में घूमकर यातायात के प्रति लोगों को जागरूक करेगी। इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात व प्रभारी यातायात द्वारा लोगो को फूल देकर सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में यातायात जागरूकता अभियान नगर के रौजा तिराहे पर चलाया गया। जिसमें एआरटीओ रमेश चंद्र श्रीवास्तव, यातायात सीओ बलराम, यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी एवं समिति के लोगो द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को फूल माला पहनकर और पंपलेट देकर जागरूक किया गया। साथ ही कोहरे को देखते हुए गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर लगाया गया। एआरटीओ रमेश श्रीवास्तव ने अपराध निरोधक समिति के सहयोग की सराहना करते हुए सभी से यातायात नियमो के पालन की अपील की। इस मौके पर अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक सिंह, सुनील गुप्ता, मदन मोहन सिंह, विनीत चौहान, सुजीत कुमार सिंह, सुभाष कुमार, पवन मिश्रा, सुनील कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, विनीत दुबे, मुकेश उपाध्याय आदि तमाम लोग मौजूद रहे।






