ग़ाज़ीपुर। सैदपुर के औड़िहार स्थित बिड़ला घाट पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां नहाने के दौरान गंगा नदी में डूब जाने से क्षेत्र के दर्बेपुर गांव निवासी 18 वर्षीय युवक पवन राजभर की मौत हो गई। वह अपने सगे बड़े भाई नीतीश राजभर सहित गांव के चार अन्य दोस्तों सुनील, मुकेश, राजन और अनिल के साथ घाट पर गंगा स्नान के लिए आया था। सुनील, अनिल और राजन पहले ही नहा कर बाहर निकल गए। पवन अपने भाई नीतीश और मुकेश के साथ नहा रहा था कि तभी पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख उसके बड़े भाई नीतीश ने गहरे पानी में छलांग लगा दी तथा अपने भाई पवन को बचाने का प्रयास करने लगा। इस प्रयास में नीतीश भी डूबने लगा। जिसे बाहर खड़े उसके दोस्त तथा पानी में मौजूद मुकेश ने बचा लिया। लेकिन वह पवन को नहीं बचा पाए। वह गहरे पानी में समा गया। कुछ देर बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को घाट पर बुलाकर पवन की तलाश शुरू करा दी। लगभग 2 घंटे बाद उसे नदी से ढूंढ कर बाहर निकला गया, लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। पवन अपने दो भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। वह कक्षा 12 का छात्र था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही कर रही है।
21 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






