गाजीपुर। श्रमिक उत्थान समिति की ओर से राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री व जिलाध्यक्ष रहे कर्मचारी नेता डीएन सिंह की 62वीं जयंती बुधवार को फुल्लनपुर स्थित आवास पर मनाई गई। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें कर्मठ एवं जुझारू नेता बताया। कहा राज्य कर्मचारियों के लिए वे हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डीएन सिंह कर्मचारियों के हित की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहे। उन्होंने अपने वसूलों और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। डीएन सिंह सीमित साधनों में भी महत्वपूर्ण लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम थे। उन्होंने आजीवन सामाजिक मूल्यों का पालन करते हुए कर्मचारी हितों के लिए आदर्श मानदंडों और ईमानदारी को प्राथमिकता दी। वह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत व अनुकरणीय हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय ने कहा कि डीएन सिंह की ओर से स्थापित आदर्श मानदंडों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष हरि किशोर तिवारी ने कहा कि बहुत ही कर्मठ, ईमानदार ,लगनशील और प्रिय तथा सबको साथ लेकर चलने वाले नेता स्व. डीएन सिंह थे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद परिवार सदैव याद करता रहेगा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आज भले हम लोगों के बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी उपलब्धियां व उनका संघर्ष संगठन के प्रति आज भी जीवंत है। राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष बालेन्द्र त्रिपाठी ने डीएन सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए भी उन्होंने कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने उनको याद करते हुए कहा कि वह कर्मचारियों के लिए किसी भी हद तक जाकर सम्मान के लिए लड़ाई लड़ने को तैयार रहते थे। समिति के मंत्री राजीव कुमार सिंह ने कहा कि पिता स्व. डीएन सिंह आज भी कर्मचारियों और मजदूरों के दिल में बसते है, उनका जीवन मजदूरों एवं कमजोर वर्ग के कल्याण को समर्पित रहा है। इस मौके पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यकारी मंत्री आलोक राय, शिक्षणेत्तर संघ के जिलामंत्री राकेश कुमार पाण्डेय, श्रीनिवास चौबे, रमाकांत, गोस्वामी प्रसाद, रंजन चौबे, राजवीर सिंह, आशुतोष कुमार पाण्डेय, विष्णुदेव यादव, रविन्द्र नाथ तिवारी, गायत्री सिंह, रिया सिंह, रिंकू सिंह, धीरेन्द्र राय, सतेन्द्र कुमार गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
15 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






