गाज़ीपुर। जिला जेल में रक्षाबंधन का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। करीब 300 बहनें अपने जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने पहुंचीं। इनमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों की बहनें शामिल थीं। बहनें सुबह 10 बजे से ही जेल परिसर में पहुंचने लगी थीं। सभी ने पहले अपने प्रपत्र जमा किए और फॉर्म भरकर जेल प्रशासन को सौंपे। इसके बाद जेल प्रशासन द्वारा बारी-बारी से उनका नाम पुकारा गया। प्रपत्रों पर अंगूठा लगवाने के बाद उनके हाथों पर एक मोहर लगाकर अंदर भेजा गया। जेल के बाहर महिला कांस्टेबलों ने बहनों द्वारा लाए गए सामानों की गहनता से जांच की। जांच के बाद उन्हें जेल के अंदर भेजा गया। वहां बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाई। इस अवसर पर जेल प्रशासन ने भी पूरी तैयारी की थी। राखी बांधने आने वाली बहनों के लिए लड्डू और मिठाई की व्यवस्था की गई थी। जेल में प्रवेश करने वाली हर बहन को मिठाई खिलाई गई और ठंडा पानी पिलाया गया। बहनों के बैठने के लिए टेंट भी लगाया गया था। वहां कुछ देर आराम करने के बाद वे जेल परिसर में अपने भाइयों से मिलने जाती थीं। इस प्रकार जेल में भी रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
23 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






