गाजीपुर। सैदपुर स्थित खानपुर थाना क्षेत्र के टड़वा गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव उसके घर में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम से परीक्षण कराया। मायके वालों ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मृतका की देवरानी काजल ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आंचल के पति अंबाला में जेसीबी चलाते हैं। रविवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। आंचल के साथ उसका दो वर्षीय बेटा आदर्श था, जबकि चार वर्षीय बेटी सौम्या दादी के साथ सो रही थी। सुबह आदर्श के तेज रोने की आवाज सुनकर आंचल के कमरे का दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन वह नहीं खुला। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दीवार में बने एक छेद से अंदर देखा गया। आंचल पंखे से लटकी हुई मिली। इसके बाद परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। गांव के प्रधान और परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां आंचल मृत पाई गई। खानपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मायके पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर आंचल के पति पंकज, देवर टुनटुन, सास मीरा देवी, ससुर कन्हैया गिरी सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है। मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मायके पक्ष की तहरीर के अनुसार जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा।
19 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






