Breaking News

Foto

ब्रजभूषण दूबे को बीएचयू में मिलेगा सारस्वत सम्मान

ग़ाज़ीपुर। सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण दूबे को सारस्वत सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें 23 फरवरी को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वैदिक विज्ञान केंद्र में अखिल भारतीय सारस्वत परिषद द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस आशय की जानकारी और निमंत्रण पत्र उन्हें चयन समिति के अध्यक्ष, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय बीकानेर, राजस्थान के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित और प्रोफेसर विवेकानंद तिवारी द्वारा दी गई है। अखिल भारतीय सारस्वत परिषद पिछले एक दशक से ज्ञान, विज्ञान, त्याग, सेवा, समर्पण, धर्म, संस्कृति, पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा और राजनीति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित करती आ रही है। इन विभूतियों का चयन परिषद की टीम द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाता है। चयन समिति ने ब्रजभूषण दूबे के उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता दी है। इनमें 51 बार स्वयं रक्तदान करना, माता-पिता का मरणोपरांत देहदान कराना, और मरणोपरांत नेत्रदान के माध्यम से 16 दृष्टिहीन लोगों को जीवन ज्योति प्रदान करने का प्रयास शामिल है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गंगा सहित देश की नदियों को बचाने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाए और खड़ाऊ धारण करने का संकल्प लिया। मानव अधिकार के क्षेत्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिसमें दृष्टिहीन दिव्यांगजनों के लिए श्रमदान से शौचालय और आवास बनाना शामिल है। सूचना अधिकार के क्षेत्र में उनके व्यापक संघर्ष को भी समिति ने सराहा है। सम्मानित किए जाने की सूचना मिलने पर ब्रजभूषण दूबे ने कहा कि उन्होंने जो कुछ भी किया है, वह संविधान में वर्णित उनके मौलिक कर्तव्य हैं, कोई एहसान नहीं। उन्होंने इस सम्मान को भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की कर्मभूमि में मिलना एक गौरवशाली क्षण बताया। श्री दूबे को यह सम्मान मिलने पर उनके सहयोगी, मित्र और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। इनमें कुंभनाथ जैसवाल, गुल्लू सिंह यादव, शिवानंद उपाध्याय, कैप्टन योगेंद्र यादव, शिवम उपाध्याय, धर्मेंद्र मिश्र, वंशराज यादव, संतोष कुशवाहा, हसन अब्दुल्ला, अभिषेक यादव, आर एस हॉस्पिटल के डॉक्टर राजेश पांडे, मोहम्मद साद शेख, रमेश चौबे और दाऊद इब्राहिम शामिल हैं।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें