Breaking News

Foto

गाजीपुर संचारी रोग नियंत्रण अभियान में राज्य में अव्वल, दस्तक अभियान में भी जिले ने हासिल किया पहला स्थान

गाजीपुर। जिलाधिकारी गाजीपुर के निर्देशन में तथा सभी सम्बन्धित विभाग की समयबद्धता और तत्परता से माह अक्टूबर में चलाए गए संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान में गाजीपुर जिला फिर एक बार पहले स्थान पर रहा।राज्य मुख्यालय द्वारा जारी जनपद स्कोरिंग शीट के अनुसार जिले ने दोनों अभियानों (संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान) में पहला स्थान हासिल किया है। सीएमओ ने बताया कि जनपद को यह स्थान सभी सम्बन्धित विभागों - स्वास्थ्य विभाग,चिकित्सा शिक्षा विभाग,बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग,महिला और बाल विकास विभाग,पशुपालन विभाग,कृषि विभाग,पंचायतीराज विभाग,ग्रामीण विकास विभाग,नगर विकास विभाग,दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग और सूचना विभाग द्वारा संचारी रोगों के नियंत्रण हेतु विकसित माइक्रोप्लान के अनुसार समयबद्ध अनुपालन करने के कारण प्राप्त हुआ है। सभी विभागों के क्रियाकलापों की मॉनिटरिंग विश्व स्वास्थ्य संगठन,यूनिसेफ और पाथ के मानिटरों के द्वारा स्वतंत्र रूप से की गई और उनके द्वारा दिए गए फीडबैक की साप्ताहिक समीक्षा जिलाधिकारी महोदय गाजीपुर के द्वारा की गई और जिन विभागों की गतिविधियों में थोड़ी भी शिथिलता पाई गई उनपर काफी सख्ती की गई । जिसका परिणाम रहा कि सभी विभागों के फील्ड के कर्मियों ने अपने परिश्रम से अपने विभाग की गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से अंजाम दिया।पंचायतीराज विभाग और नगर विकास विभाग को जहाँ भौतिक रूप से गांव और मोहल्लों को सफाई करनी थी वहीं अन्य विभागों को अपने लक्षित समूहों के बीच संचारी रोगों से बचाव की जागरूकता का प्रसार करना था। जैसे शिक्षा विभागों को छात्र-छात्राओं के बीच स्वास्थ्य और स्वच्छता की जानकारी,कृषि विभाग को किसानों के बीच चूहों और छछूंदरों से होने वाली बीमारी - लेप्टोस्पोरिसिस से बचाव के उपायों, पशुपालन विभाग द्वारा शूकरबाड़ों और अन्य पालतू पशुओं के बाड़ों की साफ-सफाई तथा रिहाइशी इलाके में उगने वाले झाड़ियों पर पनपने वाले पिस्सूओं से फैलने वाली बीमारी-स्क्रब टाइफस से बचाव के तरीकों की जागरूकता तथा स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा परिवारों के बीच सम्पूर्ण स्वास्थ्य,स्वच्छता और पोषण सम्बन्धी जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। सभी विभागों के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि जनपद गाजीपुर में इस साल सभी संक्रामक बीमारियों खासकर मच्छर जनित बीमारियों का संक्रमण पिछले पांच वर्षों में न्यूनतम है। इस माह में किए गए उपायों को यदि साल भर अपनाया जाए तो संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें