ग़ाज़ीपुर। समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव एकदिवसीय दौरे पर गाजीपुर पहुंचे। उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। देर शाम वह सपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार पांडेय के पैतृक गांव नारी पचदेवरा गए।
राजकुमार पांडेय के आवास पर सैकड़ों सपा कार्यकर्ता, ग्रामीण और महिलाएं मौजूद थीं। सपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर सांसद का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री सुधीर यादव और जिलाध्यक्ष गोपाल यादव समेत कई पार्टी नेता उपस्थित रहे।
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने सपा नेता राजकुमार पांडेय के आवास पर करीब 40 मिनट का समय बिताया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की। सांसद यादव ने राजकुमार पांडेय के घर जलपान भी किया। उन्होंने राजकुमार पांडेय की माताजी से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा।
इस दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने राजकुमार पांडेय की समाज सेवा की तारीफ की। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि राजकुमार पांडेय समाज सेवा के जरिए राजनीति में आए हैं। उन्होंने राजकुमार पांडेय को पार्टी का समर्पित साथी बताया।
सांसद धर्मेंद्र यादव ने एकदिवसीय दौरे के दौरान मुख्य रूट से अलग हटकर राजकुमार पांडेय के गांव नारी पचदेवरा का दौरा किया। यह मुलाकात सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बन गई है।
मालूम हो कि बुधवार को गाजीपुर पहुंचे सांसद धर्मेंद्र यादव विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होते हुए मऊ जनपद तक पहुंच गए, जहां से वापस लौटने में शाम हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें देरशाम वाराणसी से फ्लाइट के जरिए दिल्ली जाना था, बावजूद इसके सपा सांसद ने राजकुमार पांडेय के पैतृक गांव जाने का कार्यक्रम न टालते हुये, फ्लाइट से जाना रद्द कर दिया और करीब रात 8:00 बजे वह नारी पचदेवरा गांव पहुंचे। यह पूरा वाकया एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी में चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ सपा सांसद धर्मेंद्र यादव की नजरों में राजकुमार पांडेय की अहमियत को साफ बयां कर रहा है।
पिछले गाजीपुर दौरे में भी धर्मेंद्र यादव राजकुमार पांडेय के गांव जाना चाहते थे। लेकिन व्यस्तता संबंधी कारणों से यह नहीं हो पाया था। तब उन्होंने अगले दौरे में आने का वादा किया था। इस बार उन्होंने अपना वादा पूरा किया।






