गाजीपुर। कासिमाबाद पुलिस ने जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी वसूलने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़ित से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। यह गिरफ्तारी अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को की गई। उपनिरीक्षक सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी मन्नू बिंद को उसके पैतृक गांव सहाबलपुर से पकड़ा।
मन्नू बिंद पुत्र महंगू बिंद, निवासी ग्राम सहाबलपुर, थाना कासिमाबाद पर पीड़ित संतोष बिंद को गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और एक लाख रुपये की रंगदारी वसूलने का आरोप है। इस संबंध में थाना कासिमाबाद में धारा 308(5), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। उसका आपराधिक इतिहास भी दर्ज है, जिसमें यही मामला शामिल है।






