Breaking News

Foto

बुलडोजर कार्यवाही के खिलाफ भाकपा-माले ने मार्च निकालकर प्रदर्शन किया

गाजीपुर। जमानिया के बरुईन मुसहर बस्ती में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पाण्डेय मोड़ स्थित पार्टी कार्यालय से तहसील मुख्यालय जमानिया तक मार्च निकाला और एसडीएम जमानिया कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। जुलूस के दौरान "बरुईन मुसहर बस्ती में बुलडोजर कार्रवाई क्यों, योगी सरकार जवाब दो" और "मुसहर आबादी पर दबंगों के कब्जे पर रोक लगाओ" जैसे नारे लगाए गए। यह कार्रवाई मुसहर समुदाय के घरों पर की गई थी। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले केन्द्रीय कमेटी सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि मोदी-योगी सरकार में मुसहर, दलित और पिछड़े दमन व उत्पीड़न का शिकार हो रहे हैं, जबकि दबंगों और सामंतों को खुली छूट मिली हुई है। उन्होंने योगी सरकार के दलित, मुसहर और कमजोर वर्गों के हितैषी होने के दावों को झूठा बताया, आरोप लगाया कि हकीकत में इन्हीं को भूमाफिया घोषित कर उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। भाकपा-माले के जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि दबंगों ने अदालत से अपने नंबर पर आदेश लिया और उसकी आड़ में मुसहरों के नाम दर्ज भूमि पर कब्जे की कोशिश की है। उन्होंने इस कार्रवाई को नंबर के आधार पर सर्वे किए बगैर गरीब मुसहरों को उजाड़ने की साजिश बताया और कहा कि पार्टी इसके विरुद्ध हर स्तर पर संघर्ष चलाएगी। एसडीएम जमानिया को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से मुसहर आबादी की पैमाइश कराकर उस पर हुए दबंगों के कब्जे को हटाने की मांग की गई। साथ ही, मुसहर बस्ती की मुख्य गली के निर्माण में दबंगों द्वारा जबरन लगाई गई रोक को हटाते हुए उसके निर्माण का रास्ता आसान करने की भी मांग की गई। प्रदर्शन में विजयी वनवासी और बुच्चीलाल ने भी अपने विचार रखे, जिसमें बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शामिल थीं।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें