Breaking News

Foto

महिलाओं ने गोधन कूटकर की पूजा-अर्चना

गाजीपुर। दीवाली के अगले दिन बुधवार को जिलेभर में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक महिलाओं और युवतियों ने गोधन कूटकर पूजन-अर्चन किया। नगर के विभिन्न मोहल्लों में निर्धारित स्थलों पर गोबर से गोधन बनाए गए। सुबह से ही इन स्थलों पर महिलाओं का जुटना शुरू हो गया था। पूजन स्थल पर महिलाएं अपनी थाली में रुई की माला, चना, घड़िया, मिठाई, लाई, धतूरा और भटकटैया जैसी पूजन सामग्री लेकर पहुंचीं। पूजन के बाद सभी ने सामूहिक रूप से गोवर्धन की कथा सुनी और पारंपरिक गीत गाए। परंपरा के अनुसार, महिलाओं ने मुसल से गोधन की कुटाई की। यह इस पूजा का एक महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। मान्यता है कि पूजा में चढ़ाई गई मिठाई को महिलाएं अपने भाइयों को खिलाती हैं, जिसके बदले भाई उन्हें उपहार देते हैं। इस रस्म की एक विशेष परंपरा यह भी है कि इस मिठाई को केवल लड़के ही खा सकते हैं, लड़कियां नहीं। गाजीपुर शहर के अलावा भांवरकोल, मुहम्मदाबाद, दिलदारनगर, सेवराई, जमानिया, दुल्लहपुर, मरदह, जंगीपुर, सैदपुर और जखनिया सहित जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह पर्व उत्साह और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें