Breaking News

Foto

सांसद अफजाल अंसारी ने बृजेश सिंह को लेकर दिया बड़ा बयान

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने चुनाव आयोग और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में वोटर लिस्ट रिव्यू के नाम पर 65 लाख वोटरों के नाम काटने की साजिश की गई है। अंसारी ने बताया कि मोदी सरकार और योगी सरकार के आने के बाद से सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर बीजेपी को वोट न करने वालों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें चुनाव आयोग का कोई दोष नहीं है, बल्कि इन लोगों ने चुनाव आयोग को अपने नियंत्रण में ले लिया है। सांसद ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के निष्पक्ष चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के आदेश के बाद मोदी सरकार ने जल्दबाजी में नया कानून बना दिया। उनके अनुसार, तीनों चुनाव आयुक्त प्रधानमंत्री की कृपा से नियुक्त किए गए हैं। अंसारी ने बताया कि अखिलेश यादव ने पहले ही इस मुद्दे को उठाया था। चुनाव आयोग को 18 हजार शपथ पत्र दिए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने महाराष्ट्र का भी जिक्र किया, जहां हार की आशंका के बाद 60 लाख नए मतदाता जोड़े गए। पूजा पाल के सपा से निष्कासन पर बोलते हुए अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी दरियादिल लोगों की पार्टी है। राज्यसभा चुनाव में कई सपा विधायकों ने बीजेपी को वोट किया, फिर भी पार्टी ने लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं की। लेकिन जब कोई अपने पाप का कीर्तिमान बनाता है, तो कार्रवाई करनी ही पड़ती है। समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 5 हजार स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है। साथ ही 27 हजार नई शराब की दुकानें खोलने की मंजूरी दी है।

अंसारी ने कहा कि जनता सरकार की इन नीतियों को समझ रही है। उनका मानना है कि आने वाले समय में इस सरकार का सफाया हो जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगले चुनाव में यह सरकार 100 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। सपा सांसद ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रशंसा करते हुए उनकी तुलना शहीद भगत सिंह से की। उन्होंने कहा कि एसआईआर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने बेरिकेड फांदकर जो किया, वह भगत सिंह की याद दिलाता है। जिस तरह भगत सिंह ने अंग्रेजों की संसद में धुआं छोड़ने वाला बम फेंककर विरोध किया था, वैसा ही इंकलाब अखिलेश यादव ने किया है। सपा सांसद अफजाल अंसारी ने सरकार और अफसरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्तार अंसारी को जेल में प्रताड़ित किया गया। उन्हें स्लो प्वाइजन दिया गया और बिना इलाज कराए मरने दिया गया।

उमर अंसारी की गिरफ्तारी पर बोलते हुए अफजाल ने कहा कि वह केवल पैरवी करने वाला था। इसलिए उसे भी शिकंजे में ले लिया गया। उन्होंने कहा कि बुराई के खिलाफ जो भी खड़ा होगा, उसे ऐसे जोखिम का सामना करना पड़ेगा। अब्बास अंसारी के बारे में अफजाल ने कहा कि वह भारी बहुमत से चुनाव जीते थे। यह बात सरकार को नागवार गुजरी। अदालत से सजा मिलने के बाद रविवार को सचिवालय से उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। हालांकि, अब्बास की याचिका पर हाईकोर्ट में जल्द ही फैसला आने की उम्मीद है। अफजाल ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका और संविधान पर पूरा भरोसा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे लड़ने वाले हैं, डरने वाले नहीं।

उमर अंसारी के जेल जाने और मऊ से बृजेश सिंह के चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर सवाल किए जाने पर अफजाल अंसारी ने कहा कि एक दिन हम कुछ बोलना चाह रहे थे लेकिन हम बोले नहीं। आज आप फिर एक बार उनका नाम ले आए। हम तो कह रहे हैं कि सरकार उन्हें शंकराचार्य डिक्लेयर कर दे। आईएस191 गैंग मुख्तार अंसारी की थी। आखिर उस गैंग का क्या नाम है जिसके सरगना बृजेश सिंह है और वह गैंग आज भी है। उनके आईएस के आगे का नंबर क्या है। यह कौन छिपा रहा है। सरकार छिपा रही है। आखिर क्यों नहीं बताते कि उसका आईएस नंबर क्या है। वह भी इंटर स्टेट क्रिमिनल घोषित है, जो 25 साल फरार रहकर अपराध करता रहा, उसका डिक्लेअर कर दो।

समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने बीती रात मुहम्मदाबाद स्थित अपने पैतृक आवास पर जन्मदिन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में सपा के कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। अफजाल अंसारी ने उपस्थित लोगों के बीच केक काटकर जन्मदिन की खुशियां मनाईं। समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें