गाजीपुर। सुबह से उमसभरी गर्मी के बीच अचानक शाम होते ही आसमान में काले घने बादल छा गए। सड़कों पर अंधेरा जैसा महसूस होने लगा और थोड़ी ही देर में गाजीपुर शहर समेत जमानिया भदौरा, दिलदारनगर, मरदह आदि इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण जहां किसानों ने राहत महसूस की वहीं लोगों को जल जमाव की परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
शहर की तमाम सड़के जलमग्न हो गई। कुछ ऐसे ही हालत ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिले। शहर में चल रहे सीवर पाइपलाइन के चलते बारिश का पानी नगर में हर जगह इकट्ठा हो गया जिससे आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। जल निगम द्वारा पाइप लाइन और उसका चेंबर बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे से नगर पालिका क्षेत्र के सड़कों का बुरा हाल हो गया है। मेन बाजार सहित सड़कों में बरसाती पानी से सड़क व गली लबालब हो गईं। बरसाती पानी के साथ नालों व नालियों का गंदा पानी भी सड़कों पर आ गया। पानी निकालने के लिए दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।






