गाजीपुर। समाजवादी पुरोधा एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्व. कैलाश यादव की 9 वीं पुण्यतिथि पर सकरा स्थित लुटावन महाविद्यालय में श्रृद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रृद्धांजलि सभा आरंभ होने के पूर्व उपस्थित समाजवादी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ उनके अनुयायियों ने उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलकर इस समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने के साथ साथ देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरुप, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने का संकल्प लिया।
इस श्रृद्धांजलि सभा में सांसद अफजाल अंसारी ने उन्हें सर्वसमाज का नेता बताया और कहा कि वह दबे, कुचले, शोषितों के साथ साथ आम आवाम की आवाज थे। उनके मन में गरीबों के प्रति बहुत पीड़ा थी। गरीबों के दुख दर्द को वह अपना दुख दर्द समझते थे। गरीबों के दुख दर्द के निदान के लिए वह हर समय तैयार रहते थे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि संघर्षों के कोख से पैदा होकर कैलाश यादव ने ग्राम प्रधान से लेकर उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री के पद को सुशोभित करने का काम किया। वह बहुत ही सरल और सहृदय थे। अपनी मीठे बोल और व्यवहार कुशलता के लिए जनपद ही नही बल्कि पूरे प्रदेश में लोकप्रिय थे। वह लोकतंत्र के सजग प्रहरी थे। वह सामाजिक न्याय और और धर्मनिरपेक्षता के प्रबल पक्षधर और सशक्त पैरोकार थे। वह सम्बन्धों के धनी थे, सम्बन्ध निभाने में उनका कोई जोड़ नहीं था। उन्होंने कहा कि सभी को अपने पुरखों को याद करने की जरुरत है। जो लोग अपने पुरखों को याद नहीं करते उनका वजूद स्वतः समाप्त हो जाता है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कैलाश जी सभी का सम्मान और सभी की मदद करते थे। उनकी संघर्ष गाथा हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत है। हमें उनके जीवन से यह प्रेरणा मिलती है यदि व्यक्ति संघर्ष करेगा तो उसके लिए कोई मंजिल नामुमकिन नहीं है।
विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके अंदर संघर्ष करने की अद्भुत क्षमता थी। उनके मन में गरीबों के लिए गहरी वेदना और पीड़ा थी। जब भी अवसर मिला गरीबों ही नहीं समाज के हर तबके के लिए दिल खोलकर काम किया। उनके संघर्षों से प्रेरणा लेकर हमें समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
इस श्रृद्धांजलि सभा में मुख्य रुप से विधायक सुहैब अंसारी, पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, खुर्शीद आलम, त्रिवेणी राम, पूर्व एमएलसी विजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सुदर्शन यादव, डा. नन्हकू यादव, पूर्व मंत्री डा. रमाशंकर राजभर, सौर्या सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव, प्रधान रामाश्रय सिंह चौहान, कन्हैयालाल विश्वकर्मा, नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, बिभा पाल, मुन्नन यादव, अशोक बिंद, लोकगीत गायक कलाकार विजय लाल यादव, रविन्द्र प्रताप यादव,आदि उपस्थित रहे। इस श्रृद्धांजलि सभा की अध्यक्षता बजरंगी राम और संचालन राजेन्द्र यादव ने किया। श्रृद्धांजलि सभा के अंत में विधायक डॉ.वीरेन्द्र यादव ने सभी आगन्तुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।






