Breaking News

Foto

कृषि वैज्ञानिक डॉ. ओमकार सिंह को मिला उत्कृष्ट सम्मान

उत्तर प्रदेश सरकार ने ग़ाज़ीपुर के कृषि विज्ञान केंद्र के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. ओमकार सिंह को 'उत्कृष्ट वैज्ञानिक सम्मान' से सम्मानित किया है। यह सम्मान चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती पर लखनऊ के विधान सभा में आयोजित 'किसान सम्मान दिवस' समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में प्रदान किया गया। डॉ. सिंह को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट किया गया। उन्होंने ग़ाज़ीपुर में हजारों किसानों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. सिंह ने एकीकृत कीट प्रबंधन, मौसम पूर्वानुमान, फसल प्रबंधन और फसल सुरक्षा के निवारक उपायों के बारे में किसानों को जागरूक कर उन्हें लाभान्वित किया है। उन्होंने किसानों के खेतों में मित्र-शत्रु कीटों के अनुपात को संतुलित करने के लिए पारिस्थितिकी अभियांत्रिकी की अभिनव तकनीक का उपयोग किया। इसके साथ ही, उन्होंने जैव कीटनाशकों, वनस्पति कीटनाशकों के प्रयोग और प्राकृतिक कृषि के घटकों को बढ़ावा देकर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन दिया। डॉ. सिंह ने किसानों को उचित मार्गदर्शन और निर्देशन प्रदान किया। उन्होंने ग़ाज़ीपुर जिले में मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देकर किसानों की आजीविका बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. सिंह की उपलब्धियों में 17 अनुसंधान पत्र, 7 दूरदर्शन वार्ता, 10 लाइव बहस कार्यक्रम, 3 रेडियो कार्यक्रम, 30 लोकप्रिय लेख, 6 बुक चैप्टर, 3 प्रशिक्षण मैनुअल, 3 एडिटेड मैनुअल और पौध सुरक्षा का एक पेटेंट शामिल हैं। उन्होंने कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय अधिवेशनों और कार्यशालाओं में भाग लिया तथा 50 से अधिक प्रसार साहित्य प्रकाशित कर किसानों को लाभ पहुंचाया है। उन्हें पहले भी शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार, युवा वैज्ञानिक पुरस्कार और उत्कृष्ट विस्तार वैज्ञानिक पुरस्कार जैसे सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इस सम्मान पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों और जिले के किसानों ने डॉ. सिंह की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें