Breaking News

Foto

गाजीपुर जिला जेल ले जाते वक्त पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ शातिर चोर, तलाश में दबिश तेज

गाजीपुर। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। शनिवार देर शाम एक शातिर चोर बाबूलाल मौर्य पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। यह घटना तब हुई जब उसे न्यायालय में पेशी के बाद जिला जेल ले जाया जा रहा था। फरारी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और जिलेभर में उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। एसपी ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

फरार हुए बाबूलाल मौर्य और उसके साथी पुनीत राय को मरदह व कासिमाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था। दोनों अभियुक्त चोरी और लूट की कई घटनाओं में लंबे समय से सक्रिय थे और पुलिस को उनकी तलाश थी। दोनों की गिरफ्तारी कासिमाबाद थाना क्षेत्र के वेदबिहारी–भड़सर मार्ग पर हुई थी। यहां बाइक सवार आरोपियों ने चौरा गांव निवासी राजन से बैग छीनने का प्रयास किया था। घटना के बाद सतर्क ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और मरदह पुलिस के हवाले कर दिया था।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर 32 बोर का रिवाल्वर, चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बाबूलाल मौर्य पर पहले से छह और पुनीत राय पर दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को दोनों अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चालान किया गया था। हालांकि, बाबूलाल मौर्य की फरारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि फरारी की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और फरार अभियुक्त को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें