Breaking News

Foto

सालों से बंद पड़ा पशु सेवा केंद्र, ग्रामीणों ने किया धरना प्रदर्शन

गाजीपुर। नगवा उर्फ कटैला में स्थित पशु सेवा केंद्र पिछले 10 वर्षों से बंद पड़ा है। इस कारण क्षेत्र के किसान और पशुपालक अपने बीमार पशुओं का समय पर इलाज नहीं करा पा रहे हैं। वर्तमान में लंपी रोग से क्षेत्र के कई पशु बीमार हैं। समय पर इलाज न मिलने से पशुओं की मौत हो रही है। इससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने धरना-प्रदर्शन कर केंद्र को तुरंत शुरू करने की मांग की है। पीजी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व महामंत्री और समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव ने कहा कि केंद्र के चालू रहने से पशुओं का उचित उपचार होता। टीकाकरण, दवाइयां और अन्य सेवाएं भी समय पर मिलतीं। मौजूदा स्थिति में लोगों को दूर के निजी क्लीनिक या अस्पतालों में महंगा इलाज कराना पड़ रहा है। यादव ने बताया कि यह इलाका बाढ़ग्रस्त है। यहां बहुत से पशु लंपी रोग से प्रभावित हैं। लेकिन डॉक्टर वर्षों से अनुपस्थित हैं। उन्होंने मांग की कि यदि मौजूदा डॉक्टर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाते हैं, तो उन्हें निलंबित कर नए डॉक्टर की नियुक्ति की जाए। दिनेश सिंह यादव ने बताया कि एनएम समय पर केंद्र नहीं आतीं और मरीजों से अनुचित व्यवहार करती हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में परवेज मास्टर, रामजी यादव, नफीस अंसारी, नौसाद, गुल्लु यादव, शिवमंगल, रामपति यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें