Breaking News

Foto

श्रमिकों की हड़ताल के समर्थन में भाकपा-माले व ग्रामीण मजदूर, किसान संगठनों ने निकाला मार्च

गाजीपुर। केन्द्रीय श्रमिक संगठनों द्वारा आहूत हड़ताल के समर्थन में भाकपा-माले,अ भा खेत व ग्रामीण मजदूर सभा,अ भा किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी जिला कार्यालय से मार्च निकाला और सरयू पाण्डेय पार्क में पहुंचकर प्रदर्शन किया। मार्च में "श्रम संहिताएं रद्द करो, पुराने श्रम कानून बहाल करो,"जी रामजी को वापस लो, मनरेगा कानून बहाल करो, भारत अमेरिकी ट्रेड डील रद्द करो, अमेरिका की दलाली और देश की आजादी से गद्दारी नहीं चलेगी आदि नारे लग रहे थे। सरयू पाण्डेय पार्क में भाकपा, माले, भारतीय किसान यूनियन(टिकैत) एवं वामपंथी खेत मजदूर, किसान संगठनों ने संयुक्त रूप से धरना दिया और सभा की।सभा की अध्यक्षता भाकपा के जिला मंत्री जनार्दन राम ने और संचालन माले नेता योगेंद्र भारती ने किया। सभा को सम्बोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि श्रम कानूनों को खत्म कर श्रम संहिताएं लागू करके मोदी सरकार ने श्रमिकों को कॉरपोरेट घरानों का गुलाम बनाने की साज़िश रची है। मनरेगा को खत्म कर विकसित भारत ग्राम जी लाकर ग्रामीण मजदूरों के रोजगार के अधिकार को छीन लिया है और भारत अमेरिकी ट्रेड डील के जरिए देश की संप्रभुता और आजादी को अमेरिका के समक्ष सरेंडर कर दिया गया है। नेताओं ने कहा कि केवल गरीबों के घरों, जमीनों पर ही बुल्डोजर नहीं चल रहा बल्कि एसआईआर के बहाने हमारे जनवादी अधिकारों पर भी बुल्डोजर चल रहा है।वक्ताओं ने कहा कि जिस दौर में संसद में विपक्षी सांसदों को बोलने से रोका जा रहा हो वैसे समय सड़कों पर तीखे संघर्ष की जरूरत है। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन के जरिए नई श्रम संहिताएं रद्द कर पुराने श्रम कानून बहाल करने,जी रामजी को रद्द कर मनरेगा को बहाल करने, भारत अमेरिकी ट्रेड डील रद्द करने, निजीकरण पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर योजना रद्द करने सहित तमाम अन्य मांगें प्रस्तुत की गईं। सभा को भाकपा नेता पूर्व विधायक राजेंद्र यादव, माले के जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह, भाकपा के जनार्दन राम,रामअवध राम, रामलाल, माले के राजेश वनवासी, योगेन्द्र भारती,मंजू गोंड़, रामप्यारे राम, नंदलाल यादव, सीपीएम से नसीरुद्दीन और भारतीय किसान यूनियन(टिकैत) के लल्लन यादव सहित तमाम नेताओं ने संबोधित किया। भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने जमानियां में पाण्डेय मोड़ कार्यालय से मार्च निकाला। तहसील परिसर में सभा की और ट्रंप का पुतला फूंका और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।तहसील,सेवराई तहसील, सैदपुर तहसील में भी प्रदर्शन किया तथा मुहम्मदाबाद तहसील पर भी मांगपत्र सौंपा। जमानियां में केंद्रीय कमेटी सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा, विजयी वनवासी, पांचरतन कुशवाहा ने,सेवराई में रामप्रवेश कुशवाहा, चंद्रावती ने, सैदपुर में नंदकिशोर बिंद, आजाद यादव, जोखू, कन्हैया ने,और मुहम्मदाबाद में मोती प्रधान, मनोज कुशवाहा ने नेतृत्व किया।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें