Breaking News

Foto

शिवपाल के साथ अखिलेश यादव पहुंचे राजकुमार पांडेय के घर, सियासी हलचल तेज

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गुरुवार को गाजीपुर दौरे ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सपा नेता राजकुमार पाण्डेय के नारी, पचदेवरा स्थित आवास पर पहुंचे सपा सुप्रीमो ने उनके परिवारजनों से मुलाकात की। इस दौरे को ब्राह्मण समाज को एक नया संदेश देने वाला माना जा रहा है।

बताया गया कि अखिलेश यादव का हेलिकॉप्टर उतरने के बाद वह सबसे पहले विधायक अंकित भारती के आवास पर पहुंचे। इसके बाद उनका काफिला सीधे राजकुमार पाण्डेय के नारी पचदेवरा (मटखन्ना) स्थित आवास की ओर मुड़ गया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव भी उनके साथ मौजूद थे।

अखिलेश यादव के आगमन पर राजकुमार पाण्डेय के समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुष्प वर्षा की गई। पूरा परिसर समाजवादी झंडों और बैनरों से सजा हुआ था।

राजकुमार पाण्डेय ने स्वयं दरवाजे पर खड़े होकर सपा अध्यक्ष का स्वागत किया। अखिलेश यादव ने पाण्डेय परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात की और कुछ समय तक वहीं रुके।

राजकुमार पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा, “यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि हमारे घर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पधारे। मैंने जब उनसे आग्रह किया था, तो उन्होंने स्नेहपूर्वक आने का आश्वासन दिया था और आज उन्होंने अपना वादा निभाया।” राजकुमार पाण्डेय सपा में कई वर्षों से सक्रिय हैं। क्षेत्र में उन्हें एक मजबूत ब्राह्मण चेहरे के तौर पर देखा जाता है।

पाण्डेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही किसानों, नौजवानों और गरीबों की सच्ची आवाज है। उन्होंने आगे कहा कि जनता अब महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है। प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर विकास और न्याय की नई शुरुआत होगी।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें